LBSITM इंदौर कैंपस का 12वां स्थापना दिवस 'कलरव 2026' में धूमधाम से मनाया, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

Advertisement
इंदौर,शुभ अग्रवाल। इंदौर के सोलसिंदा स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (LBSITM) कैंपस ने 27 फरवरी को अपना 12वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर 'कलरव 2026' नाम से पांच दिवसीय वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया, जो 23 फरवरी से शुरू होकर छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन रहा। खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बौद्धिक प्रतियोगिताओं से भरे इस आयोजन में संस्थान के छात्रों ने खूब बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी क्षमताओं का लोहा मनवाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद अनिल शास्त्री मौजूद रहे। डायरेक्टर डॉ. दीपक अग्रवाल ने संस्थान की हालिया उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और आने वाली योजनाओं की जानकारी साझा की।
टैलेंट हंट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। आईटीआई छात्रों के प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 51 सौ रुपये प्रदान किए गए। अपने संबोधन में अनिल शास्त्री ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि संस्थान आधुनिक शिक्षा और पारंपरिक मूल्यों के सुंदर समन्वय से देश के उज्ज्वल भविष्य को आकार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा पुरोहित ने कुशलतापूर्वक किया और अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।
