रूपेंद्र पाल, घुवारा (छतरपुर)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी क्रांति गौड़ की सफलता में आज एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया। विश्व कप में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन और क्रांति के बेहतरीन खेल से प्रभावित होकर टाटा कंपनी ने टीम के सभी सदस्यों को अपनी अपकमिंग और लग्जरी 'न्यू टाटा सियरा' (Tata Sierra) कार उपहार स्वरूप देने का वादा किया था।
इसी कड़ी में आज टाटा कंपनी के अधिकारियों ने क्रांति गौड़ के पैतृक निवास घुवारा पहुँचकर उनके परिजनों को यह शानदार कार डिलीवर की। जैसे ही चमचमाती टाटा सियरा कार क्रांति के घर के सामने पहुँची, पूरे इलाके में जश्न का माहौल छा गया। परिजनों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर डांस किया और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।
क्रांति की इस उपलब्धि पर परिवार ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और अपनी बेटी पर गर्व व्यक्त किया। टाटा की यह नई कार न केवल अपने लुक्स बल्कि आधुनिक फीचर्स के लिए भी चर्चा में है, जिसे कंपनी ने खास तौर पर अपडेट कर खिलाड़ियों को सौंपा है। बता दें कि क्रांति गौड़ ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल छतरपुर जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। विश्व कप में उनके प्रदर्शन ने टाटा जैसी दिग्गज कंपनी को यह विशेष सम्मान देने के लिए प्रेरित किया।



