पन्ना,अमित सिंह । कोतवाली थाना क्षेत्र के राजा बाबू कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा पुष्पा अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार ग्राम पुरैना निवासी विकास अहिरवार, जो वर्तमान में सागर में पढ़ाई कर रहा है, छात्रा को फोन पर लगातार प्रताड़ित करता था। मृतका के भाई और मौसिया का आरोप है कि फोन पर हो रही प्रताड़ना और विवाद से परेशान होकर ही छात्रा ने यह कदम उठाया।
फिलहाल पन्ना कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।

