शाहनगर, प्रकाश तिवारी। ब्लॉक इकाई शाहनगर के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने 11 अप्रैल को राज्य शासन द्वारा घोषित टेट परीक्षा के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने तहसीलदार कोमल सिंह को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।


कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय राम जानकी मंदिर परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एकत्रित हुए। इसके बाद सभी ने रैली के रूप में नगर के प्रमुख मार्गों से मार्च निकाला। रैली के दौरान शिक्षकों ने टेट परीक्षा के विरोध में जमकर नारेबाजी की और अपने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सरकार के फैसले के खिलाफ विरोध जताया। पूरे नगर में रैली के चलते आंदोलन का व्यापक प्रभाव देखने को मिला।


ज्ञापन में शिक्षकों ने प्रमुख रूप से नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णय से शिक्षकों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। शिक्षकों ने यह भी मांग की कि राज्य सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दायर कर शिक्षकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करे।


प्रदर्शन में शाहनगर के अलावा बोरी, बुधरौड़, बिसानी, सारंगपुर, मेनहा और सुडोर सहित आसपास के कई क्षेत्रों से शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। आंदोलन के दौरान एकजुटता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया और सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की।


कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने आगामी 18 अप्रैल को राजधानी भोपाल में प्रस्तावित राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की शपथ ली। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।