छतरपुर। जिले के बमीठा थाना अंतर्गत चंद्रनगर चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार 407 लोडर ने कहर बरपाया। टोरिया-धमना मार्ग पर अनियंत्रित लोडर ने एक वृद्ध को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वृद्ध को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चंद्रनगर चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार अपने पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से टोरिया-धमना क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी रोष है, उन्होंने मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।



