नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान CISF जवानों ने एक यात्री के हैंड बैग से खोपड़ी जैसा संदिग्ध अवशेष बरामद किया। यात्री दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाला था। एक्स-रे जांच के दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर जवानों ने तलाशी ली, जिसमें यह अवशेष मिला।


पूछताछ में यात्री ने दावा किया कि बरामद खोपड़ी इंसान की नहीं, बल्कि बंदर की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए CISF ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और यात्री को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यात्री के पास बंदर की खोपड़ी कहां से आई और वह इसे विमान में लेकर क्यों जा रहा था। वन्यजीव से जुड़े मामले की आशंका के चलते वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत जांच की जा रही है।


गौरतलब है कि इसी साल 24 जनवरी को भी IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एक बॉक्स में मानव कंकाल जैसा ढांचा मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच में वह मेडिकल कॉलेजों में अध्ययन के लिए इस्तेमाल होने वाला मॉडल निकला था। यात्री अनुमति नहीं मिलने के बाद बॉक्स एयरलाइन स्टाफ के पास छोड़ गया था।