मुंबई। शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब, महिला आरक्षण विधेयक, परिसीमन और अजित पवार के विमान हादसे सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब को लेकर गांधी परिवार पर निशाना साधा। वहीं, महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों का समर्थन करते हुए विपक्षी दलों पर बिना समझे विरोध करने का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने अजित पवार के विमान हादसे की जांच जल्द पूरी करने और अभिनेता अमिताभ बच्चन तथा अभिषेक बच्चन को मिली जान से मारने की धमकियों के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा कि सोनिया गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि उनकी किताब उनके परिवार को समर्पित है। उनके परिवार में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, रेहान वाड्रा, मिराया वाड्रा और कांग्रेस के उनके कुछ करीबी लोग शामिल हैं। ऐसे में यह किताब देश के बजाय उनके परिवार के बारे में है।
उन्होंने गांधी परिवार पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग हमेशा अपने परिवार को ही देश मानते आए हैं, वे यह उम्मीद कैसे कर सकते हैं कि पूरा देश उनके जश्न में शामिल होगा। उन्होंने गांधी परिवार की तुलना राजा-महाराजाओं से करते हुए कहा कि वे अपार धन-दौलत के बीच अपनी ही दुनिया में रहते हैं।
आनंद दुबे ने किताब के अंग्रेजी में लिखे होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में होने के कारण भारत में इसे पढ़ने वालों की संख्या सीमित रहेगी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यह 'प्यार का सफर' है या 'राजा-महाराजाओं का सफर', यह तो सोनिया गांधी ही जानती होंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस किताब के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं है। उन्होंने न तो इसे पढ़ा है और न ही इसे पढ़ने की उनकी कोई इच्छा है।
परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि इन विधेयकों को समझने वाले लोग इनका समर्थन कर रहे हैं जबकि जो लोग इन्हें समझ नहीं पा रहे हैं, वे विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले ने भी इन विधेयकों का समर्थन करने की बात कही है, जो स्वागत योग्य कदम है।
उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी सीटों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना विधेयकों को ठीक से समझे उनका विरोध करना उचित नहीं है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह भी कह दें कि सूरज पूर्व से निकलता है और पश्चिम में डूबता है, तो कांग्रेस उसका भी विरोध करने लगेगी। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस यह दावा करेगी कि पहले सूरज पश्चिम से निकलता था और वर्ष 2014 में मोदी सरकार ने उसकी दिशा बदल दी।
महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के विमान हादसे को लेकर विधायक रोहित पवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर आनंद दुबे ने कहा कि रोहित पवार ने जिस जांच की मांग उठाई है, उसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने रख चुके हैं।
अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की ओर से मिली जान से मारने की धमकियों पर भी आनंद दुबे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, जो धमकियों के जरिए सरकार और समाज में डर का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। राज्य सरकार और पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। चाहे अमिताभ बच्चन हों, टाइगर श्रॉफ हों या कोई अन्य अभिनेता, पुलिस धमकी देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।













