श्योपुर,उत्तम सिंह। श्योपुर जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से नवागत कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के दौरान जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने नवागत कलेक्टर का गर्मजोशी से स्वागत किया।


इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीणा, कराहल एसडीएम श्री बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं श्री विजय शाक्य, तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और जिले में उनके कार्यकाल को लेकर शुभकामनाएं दीं।


मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के तहत वर्ष 2015 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सुश्री शीला दाहिमा को श्योपुर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। शासन के निर्देशानुसार उन्होंने विधिवत कार्यभार संभालते हुए जिले के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी ग्रहण की।


पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर दाहिमा ने अधिकारियों से संक्षिप्त चर्चा करते हुए जिले की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संकेत दिए कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा पारदर्शी प्रशासन उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।


सुश्री शीला दाहिमा का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक रहा है। इससे पूर्व वे बैतूल में सीईओ जिला पंचायत के पद पर कार्यरत रही हैं। इसके अलावा उन्होंने भोपाल में अपर संचालक, राज्य शिक्षा केन्द्र, एडिशनल सेक्रेटरी, माध्यमिक शिक्षा मंडल तथा उप सचिव, सहकारिता विभाग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। उनके अनुभव को देखते हुए श्योपुर जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।


जिले में उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक अमले में उत्साह का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्राप्त होंगी।