कटनी,प्रवीण तिवारी। कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हाइवे किनारे खड़ी एक स्वराज माजदा गाड़ी के अंदर चालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार मामला स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम छपरा के पास रजा मार्बल के नजदीक का है। यहां देर रात हाइवे किनारे खड़ी एक स्वराज माजदा वाहन में चालक मृत अवस्था में मिला। राहगीरों और एनएचआई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मृतक की पहचान राकेश दाहिया (42 वर्ष), पिता घासीराम दाहिया, निवासी लखराम मोहल्ला वार्ड नंबर 14 खितौला (सिहोरा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश पेशे से ट्रक चालक था और इन दिनों जबलपुर की स्वराज माजदा गाड़ी (क्रमांक एमपी 20 जीए 6242) चला रहा था।


परिजनों के मुताबिक, 10 अप्रैल 2026 को राकेश माजदा वाहन लेकर कटनी गया था। वहां से बिलहरी से मटके लोड कर जबलपुर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह घटना घटित हो गई। हालांकि, उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि छपरा के पास एक वाहन खड़ा है, जिसमें शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


वहीं, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खून से सनी एक लोहे की रॉड बरामद की गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना में किसी प्रकार की हिंसा हो सकती है। फिंगरप्रिंट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


फिलहाल यह मामला हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई मौत, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।