नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े बैंक में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवीओं के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने परिवीक्षाधीन अधिकारी (प्रोबेशनरी ऑफिसर) के कुल 1,500 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की बंपर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर वैकेंसी की घोषणा की है। एसबीआई की ओर से प्रोबेशनरी ऑफिसर पोस्ट के लिए जारी 1,500 रिक्तियों में अनारक्षित (यूआर) के 588, अनुसूचित जनजाति (एससी) के 234, अनुसूचित जातिएसटी (एसटी) के 144, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 390 और इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन (ईडब्ल्यूएस) के 144 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं। वे एसबीआई के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन या केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त कोई बराबर की योग्यता या डिग्री होनी चाहिए। वहीं जो लोग अपने ग्रेजुएशन के फाइनल ईयर/सेमेस्टर में हैं, वे भी प्रोविजनल तौर पर अप्लाई कर सकते हैं।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा, ऑनलाइन मुख्य परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज, पर्सनल इंटरव्यू, अंतिम मेरिट सूची आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 48,480 से 85,920 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, मुंबई सेंटर पर शुरुआती पे-स्केल पर अनुमानित सीटीसी 21.97 लाख रुपए होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 750 रुपए तय किया गया है। वहीं एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा अगस्त; ऑनलाइन मुख्य परीक्षा सितंबर; और साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज एवं पर्सनल इंटरव्यू अक्टूबर/नवंबर माह में आयोजित होने की संभावना है।