संजय गांधी ताप विद्युत परियोजना: सवालों पर बिफरे CMD, मीडिया से बदसलूकी

Advertisement
उमरिया,तापस गुप्ता | उमरिया जिले में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के सीएमडी मंजीत सिंह का मीडियाकर्मियों के प्रति असहज व्यवहार सामने आया है। दौरे के दौरान सीएमडी ने कैमरा बंद कराने की कोशिश करते हुए सुरक्षा कर्मियों को पत्रकारों को मौके से हटाने के निर्देश दिए।
घटना संजय गांधी ताप विद्युत परियोजना की है, जहां सीएमडी बुधवार को निरीक्षण पर पहुंचे थे। प्लांट परिसर में उन्होंने इकाई नंबर चार के मेंटिनेंस कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद वे राखड़ डैम के निरीक्षण के लिए पहुंचे, जहां पत्रकार पहले से मौजूद थे। डैम निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने अचानक सुरक्षा कर्मियों को निर्देश देते हुए मीडियाकर्मियों को हटाने को कहा। हालांकि पत्रकार वहीं डटे रहे, जिसके बाद सीएमडी ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की।
उल्लेखनीय है कि पावर जनरेटिंग कंपनी ने प्रदेश की चारों विद्युत उत्पादन इकाइयों में निर्माण एवं उत्पादन से जुड़े कार्यों के लिए मेगा टेंडर स्कीम लागू की है। इस नई व्यवस्था को लेकर छोटे और मध्यम ठेकेदारों में भारी असंतोष है। ठेकेदारों का आरोप है कि कड़ी शर्तों के चलते वे टेंडर प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे और उनकी आजीविका पर संकट आ जाएगा।
इस संबंध में पूछे गए सवालों पर सीएमडी मंजीत सिंह ने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए गोलमोल प्रतिक्रिया दी, जिससे ठेकेदारों और मीडियाकर्मियों में नाराजगी देखी गई।
