सागर। सागर जिले को नई कलेक्टर के रूप में आईएएस अधिकारी प्रतिभा पाल मिली हैं, जो सोमवार को 51वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करेंगी। वे सागर के इतिहास की दूसरी महिला कलेक्टर होंगी। इससे पहले प्रीति मैथिल नायक इस पद पर रह चुकी हैं। 15 अप्रैल 1988 को जन्मी प्रतिभा पाल 2012 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और मध्य प्रदेश कैडर से संबंधित हैं। उन्होंने बरेली के एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय से कला में स्नातक और इतिहास में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है।


सागर आने से पहले वे रीवा जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं। इसके अलावा इंदौर नगर निगम में आयुक्त के रूप में उन्होंने स्वच्छता अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। प्रतिभा पाल अपनी सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। इंदौर में पदस्थापना के दौरान 2021 में डिलीवरी के महज 11 दिन बाद ड्यूटी जॉइन कर उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की थी।


अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने एसडीएम, जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। कोविड-19 प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल प्रशासन में उनके कार्यों को सराहा गया है। नई कलेक्टर से जिले में प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता और जनसंवाद को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।