नौगांव में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर मचा बवाल, तहसील चौराहे पर फूंका पुतला

Advertisement
नौगांव, कमल यादव | ब्यूरो रिपोर्ट ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नामक फिल्म को लेकर नौगांव नगर में विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे तहसील चौराहे पर युवा यादव महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समाज के लोगों ने फिल्म के विरोध में पुतला दहन कर मध्य प्रदेश सरकार से इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
जाति विशेष को निशाना बनाने का आरोप प्रदर्शन के बाद यादव समाज के प्रतिनिधियों ने नौगांव थाने पहुंचकर थाना प्रभारी को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि फिल्म का शुभारंभ आगामी 27 तारीख को प्रस्तावित है, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
युवा यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने कड़े शब्दों में कहा, "फिल्म में एक विशिष्ट जाति को लेकर आपत्तिजनक प्रस्तुति दी गई है। इससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। मनोरंजन के नाम पर किसी समाज की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
राष्ट्रव्यापी विरोध की चेतावनी जिला पंचायत सदस्य मोहन यादव ने बताया कि इस फिल्म का विरोध केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में शुरू हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया, तो यादव समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद: विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आई.पी. सिंह, शैलेंद्र सिंह टिंकू, जिला पंचायत सदस्य मोहन यादव, करण सिंह यादव, महिपाल सिंह, भागवत यादव, कृष्ण कुमार यादव, शिवम यादव, रईस यादव, सीताराम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
