नेटफ्लिक्स की “घूसखोर पंडित” पर बवाल, भोपाल में ब्राह्मण समाज सड़क पर उतरा

Advertisement
भोपाल,जीतेन्द्र यादव। नेटफ्लिक्स पर प्रसारित वेब सीरीज “घूसखोर पंडित” को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। बुधवार को भोपाल में समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सीरीज के डायरेक्टर नीरज पांडेय और अभिनेता मनोज वाजपेयी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस सीरीज के जरिए ब्राह्मण समाज को जानबूझकर गलत और अपमानजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। समाज का कहना है कि अगर यह कहानी काल्पनिक (फिक्शनल) है, तो फिर इसे विशेष रूप से ब्राह्मण समाज से जोड़कर क्यों दिखाया गया। किसी अन्य नाम या समुदाय के माध्यम से यह फिक्शन क्यों नहीं प्रस्तुत किया गया, यह सवाल भी उठाया गया।
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने कहा कि पोंगा पंडित से लेकर “घूसखोर ब्राह्मण” जैसे शब्दों और पात्रों के माध्यम से समाज को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। इससे समाज की छवि धूमिल होती है और सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा मिलता है।
प्रदर्शन के दौरान समाज के नेताओं ने नेटफ्लिक्स जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म को बंद करने की मांग भी की और कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म बिना किसी सामाजिक जिम्मेदारी के कंटेंट प्रसारित कर रहे हैं। साथ ही डायरेक्टर नीरज पांडेय के सोशल मीडिया पर किए गए एक ट्वीट पर भी आपत्ति जताई गई, जिसमें कथित तौर पर सीरीज को फिक्शन बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की गई थी।
समाज ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहले ही इस सीरीज के डायरेक्टर और कलाकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है, और अब मध्य प्रदेश में भी एफआईआर दर्ज कराने की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
