सड़क किनारे लगने वाले बाजार को किया गया शिफ्ट

Advertisement
छतरपुर,संजय अवस्थी। छतरपुर। नगर पालिका द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और हाईवे तथा प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से हाईवे एवं सड़क किनारे लगने वाले सभी बाजारों को वैकल्पिक स्थानों पर शिफ्ट करने का अभियान तेज कर दिया गया है। इस क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन रोड पर लगने वाला शुक्रवारी बाजार होमगार्ड मैदान सटई रोड पर स्थानांतरित कराया जा रहा है। इसी के साथ नपा द्वारा अलाउंस कराकर भी विक्रेताओं को समझाइश दी जा रही है।
नगर पालिका की सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि सोमवार को भी इसी स्थान पर लगने वाले बाजार को होमगार्ड कार्यालय के मैदान में ही शिफ्ट किया जाएगा। इसी तरह मंगलवार को पठापुर रोड पर लगने वाला बाजार पटैरिया पार्क में लगाया जाएगा। महोबा रोड पर लगने वाला सब्जी बाजार कृषि कार्यालय के मैदान में स्थानांतरित किया जाएगा। संकट मोचन के पास सड़क पर लगने वाले बाजार को सिंघाड़ी नदी के पास शिफ्ट करने की व्यवस्था की गई है।
सीएमओ माधुरी शर्मा ने सभी सब्जी, फल एवं अन्य विक्रेताओं से अपील की है कि वे नगर पालिका द्वारा उनके लिए सुनिश्चित किए गए निर्धारित स्थानों पर ही अपनी दुकानें या ठेले लगाएं। इससे सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, दुर्घटनाओं का खतरा घटेगा और शहर की सुंदरता भी बनी रहेगी।
