सतना, अंबिका केसरी। सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। यहाँ एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बुआ को हवस का शिकार बनाया, जिससे वह गर्भवती हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब किशोरी के पेट में अचानक दर्द उठा और परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुँचे। डॉक्टरी जांच में जब यह बात सामने आई कि नाबालिग चार माह की गर्भवती है, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।


शुरुआत में किशोरी डरी हुई थी, लेकिन जब परिजनों ने उसे भरोसे में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी कहानी बयां कर दी। पीड़िता ने बताया कि उसके ही रिश्ते में लगने वाले भतीजे ने पारिवारिक विश्वास और मर्यादा को तार-तार करते हुए उसके साथ कई बार जबरदस्ती की। आरोपी युवक पिछले कुछ समय से लगातार उसे डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बना रहा था। सामाजिक लोक-लाज और आरोपी के खौफ के कारण पीड़िता अब तक खामोश रही, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर यह सच सबके सामने आ गया। परिजनों की शिकायत पर मझगवां थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने समाज में रिश्तों की पवित्रता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे क्षेत्र में इस घिनौने कृत्य की निंदा की जा रही है।