दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तहसीलदार योगेंद्र चौधरी, बीएमओ डॉ. महेश लोधी, अश्विनी कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


शिविर के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। 13, 15 एवं 16 जून तक आयोजित तीन दिवसीय इस शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।


शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राहियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को राहत प्रदान की गई। वहीं शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


स्वास्थ्य सेवाओं, आधार अपडेट, पेंशन, ई-केवाईसी, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों से जुड़े अनेक आवेदनों पर अधिकारियों ने सुनवाई की। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम बताया।