भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल की अवधपुरी कॉलोनी में रहवासी क्षेत्र के बीच संचालित शराब दुकान को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। स्थानीय रहवासियों ने प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। रहवासियों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से इस दुकान का विरोध किया जा रहा है और प्रशासन द्वारा इसे हटाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद इस वर्ष फिर से दुकान खोल दी गई।
रहवासियों के अनुसार बीते 26 दिनों से क्षेत्रवासी शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है और न ही समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
रहवासी समिति अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 5 दिनों के भीतर शराब दुकान को नहीं हटाया गया तो अवधपुरी के हजारों लोग उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

