छतरपुर,संजय अवस्थी। जिले में 15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। शुरुआती तकनीकी दिक्कतों के बाद अब स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया में सुधार आया है, जिससे किसानों को राहत मिली है। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले के अधिकांश केंद्रों पर तुलाई का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
उपार्जन केंद्रों की स्थिति और प्रगति
खाद्य अधिकारी सीताराम कोठारे ने जानकारी दी कि जिले में कुल 35,141 किसानों ने गेहूँ विक्रय के लिए पंजीयन कराया था। प्रशासन द्वारा जिले भर में कुल 80 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 60 केंद्रों पर खरीदी सक्रिय रूप से शुरू हो चुकी है। शेष 20 दूरदराज के केंद्रों पर भी अगले एक-दो दिनों में प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
स्लॉट बुकिंग और तकनीकी सुधार
स्लॉट बुकिंग को लेकर आ रही समस्याओं का समाधान करते हुए अब बड़े किसानों के लिए भी पोर्टल खोल दिया गया है। पूर्व में केवल 70 क्विंटल से कम उपज वाले किसानों की बुकिंग हो रही थी, लेकिन अब सभी श्रेणी के किसान अपनी सुविधा अनुसार दिनांक चुन पा रहे हैं। वर्तमान में 30 अप्रैल तक के लिए कुल 6,892 किसान अपनी बुकिंग सुनिश्चित कर चुके हैं।
गिरदावली और सैटेलाइट सत्यापन का कार्य भी 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। हालांकि, जिन किसानों के कुछ खसरे सैटेलाइट सत्यापन में अभी भी लंबित हैं, वे वर्तमान में केवल सत्यापित खसरों के आधार पर ही स्लॉट बुक कर पा रहे हैं।
खरीदी के आंकड़े और बारदाना व्यवस्था
20 अप्रैल तक जिले में कुल 4,390 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। विभाग के पास बारदाना (बोरियां) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और अतिरिक्त आपूर्ति के लिए कोलकाता से भी गठाने मंगवाई जा रही हैं।
किसानों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शासन द्वारा गेहूँ का समर्थन मूल्य 2,625 रुपये प्रति क्विंटल 25 रुपये बोनस सहित तय किया गया है। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज को पूरी तरह साफ-सुथरा करके ही केंद्र पर लाएं। यदि गेहूँ की गुणवत्ता मानक अनुरूप नहीं पाई जाती और केंद्र पर पंखा या छन्ना लगाने की आवश्यकता पड़ती है, तो इसका व्यय किसान को स्वयं वहन करना होगा। प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए स्वयं खाद्य अधिकारी केंद्रों का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं।

