छतरपुर। मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षा में छतरपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में कुल 39 छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई है, जिसमें 10वीं के 20 और 12वीं के 19 विद्यार्थी शामिल हैं। खास बात यह रही कि इनमें से अधिकांश छात्र शासकीय विद्यालयों से हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।


कक्षा 10वीं की बात करें तो नमन पटेल ने 496 अंक हासिल कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं आयुषी तिवारी ने 495 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। 494 अंकों के साथ निहारिका सेन, सुहाना चौरसिया और संजना राजपूत ने छठा स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।


493 अंकों के साथ प्राशु पटेल, अंशिका द्विवेदी और अर्पणा गुप्ता सातवें स्थान पर रहीं। वहीं 492 अंक लाकर दीक्षा चौबे, ध्रुव सिंह पटेल और आयुष कुमार ने आठवां स्थान हासिल किया। 491 अंकों के साथ मनीष अहिरवार सहित कई छात्र मेरिट सूची में शामिल हुए, जबकि 490 अंकों पर गुंजन जैन समेत अन्य विद्यार्थियों ने भी टॉप-10 में जगह बनाई।


अब बात करें कक्षा 12वीं की, तो कला संकाय में आकाश अहिरवार ने 489 अंक के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर छतरपुर को गौरवान्वित किया। मुस्कान रावत दूसरे स्थान पर रहीं। धीरेन्द्र सिंह बुंदेला और नीरज कुशवाहा ने चौथा स्थान, जबकि हर्ष रावत, पवन प्रजापति और तमन्ना पाठक ने भी टॉप-10 में अपनी जगह बनाई।


गणित संकाय में ईशा गोस्वामी ने आठवां स्थान हासिल किया, जबकि मोनिका मिश्रा, दीपेश चौरसिया, सिद्धांत चौरसिया और उदेश यादव ने दसवां स्थान प्राप्त किया। कृषि संकाय में रक्षा पटेल और लालता पाल ने चौथा स्थान पाया। वहीं ललित कला एवं गृह विज्ञान में शाइस्ताह कुरैशी ने प्रथम और शैवाह कुरैशी ने दूसरा स्थान हासिल किया।


जीव विज्ञान वर्ग में श्रुति चौरसिया और नियति साहू ने भी टॉप-10 में जगह बनाई। इन सभी विद्यार्थियों की सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षकों और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


छतरपुर के इन मेधावी छात्रों ने साबित कर दिया है कि अगर लगन और मेहनत सच्ची हो, तो संसाधनों की कमी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती।