सागर,जीशान। डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित सागर (नरयावली) दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 18 अप्रैल को प्रस्तावित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के मद्देनज़र नवागत कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नरयावली स्थित सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां 17 अप्रैल की शाम तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। मुख्यमंत्री के दौरे का मुख्य आकर्षण सांदीपनि विद्यालय के नवनिर्मित भव्य भवन का लोकार्पण रहेगा। यह भवन क्षेत्र की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला साबित होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा एक जनसभा को संबोधित किए जाने की भी संभावना है, जिसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के रूट चार्ट को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों, विशिष्ट अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, छाया (शेड) और मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पीएचई और नगर निगम को विशेष निर्देश दिए गए हैं।


इसके अलावा मंच, साउंड सिस्टम और विद्युत बैकअप जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके। कलेक्टर ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से निगरानी और तैयारी शुरू कर दी है, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।


निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम अमन मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।