जिले में 10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, प्रश्न पत्रों का वितरण शुरू

Advertisement
छतरपुर,संजय अवस्थी। जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया ने बताया कि बुधवार को डबल लॉक ट्रेजरी से बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए नियुक्त सेंटर सुपरिटेंडेंट और एसीएस सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में प्रश्न पत्र प्राप्त किए गए।
उन्होंने जानकारी दी कि प्राप्त प्रश्न पत्रों को संबंधित थानों में सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा के दिन संबंधित विषय के प्रश्न पत्र कलेक्टर द्वारा नामित प्रतिनिधि तथा एसीएस की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे।
इस बार जिले में कुल 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 6 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। कक्षा 10वीं में लगभग 27 हजार और कक्षा 12वीं में लगभग 20 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। नकल पर रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था की गई है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित ये परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य बुधवार को मुख्यालय पहुंचे और अपने-अपने परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्र संग्रहित किए। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करें।
