दमोह,राजेन्द्र तिवारी। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में प्रसिद्ध मां बड़ी देवी मंदिर परिसर में लगाए गए पोस्टरों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। चैत्र नवरात्रि के दौरान मंदिर के गेट और परिसर में “लव जिहाद” को लेकर चेतावनी भरे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें एक विशेष समुदाय के लोगों को सीधे तौर पर आगाह किया गया है।
पोस्टरों में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि जिन लोगों की हिंदू धर्म में आस्था नहीं है, वे जबरन धार्मिक स्थलों में प्रवेश न करें, अन्यथा परिणाम ठीक नहीं होंगे। साथ ही हिंदू बहनों और बेटियों को लव जिहाद जैसी घटनाओं से सतर्क और सावधान रहने की अपील की गई है। मंदिर के टीन शेड पर भी ऐसे ही पोस्टर लगे हुए हैं, जिनमें गैर-हिंदू प्रवेश पर रोक और महिलाओं से पारंपरिक परिधान में पूजा करने की अपील शामिल है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों के मन में एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के गृह जिले दमोह में हिंदू संस्कृति और सुरक्षा को खतरा महसूस किया जा रहा है। पोस्टरों को लेकर यह भी बहस छिड़ गई है कि क्या यह माहौल बिगाड़ने की कोशिश है या फिर धर्म की रक्षा और जागरूकता का संदेश है।
जिला प्रशासन ने भी इन पोस्टरों पर नजर रख ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यह घटना नवरात्रि पर्व के दौरान हुई है, जहां रोजाना हजारों भक्त मां बड़ी देवी को जल चढ़ाने पहुंचते हैं।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पोस्टर किस संगठन या व्यक्ति ने लगाए हैं, लेकिन हिंदू संगठनों की अपील से जुड़े होने की चर्चा जोरों पर है। प्रशासन इन पोस्टरों को हटाने या कानूनी कार्रवाई के संबंध में निर्णय लेने की तैयारी में है। पूरा मामला अब धार्मिक संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था दोनों की परीक्षा बन गया है।

