भोपाल। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में कांग्रेस नेताओं ने इस विधेयक का विरोध किया, जिसके चलते पहले इसे बहुमत नहीं मिल सका। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति के कारण अब महिला आरक्षण विधेयक को आगे बढ़ाना संभव हो पाया है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर हाल में इस विधेयक को लागू किया जाएगा।


ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा जमीनी स्तर पर महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में महिला आरक्षण को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह मुद्दा और अधिक गरमा सकता है और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहेगा।