ईरानी डेरे में पुलिस का पहला संवाद कार्यक्रम, अपराधियों को दी गई सख्त चेतावनी

Advertisement
भोपाल,जीतेन्द्र यादव। भोपाल के ईरानी डेरे में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ छापेमार कार्रवाई के बाद अब संवाद का रास्ता अपनाया है। यहां पहली बार पुलिस द्वारा एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया गया। कार्यक्रम में डीसीपी मयूर खंडेलवाल सहित जोन के एसीपी भी मौजूद रहे।
पुलिस ने इस मौके पर आम जनता की समस्याओं को ध्यान से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि सामान्य जीवन जीने वाले नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही बच्चों और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा में ले जाने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। पुलिस ने साफ तौर पर बदमाशों को चेतावनी दी कि अपराध में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। निवासियों को निर्देश दिया गया कि इनामी फरार अपराधियों को शरण न दें और ऐसी किसी भी गतिविधि में सहयोग न करें।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस से कहा कि उनका अपराधियों से कोई लेना-देना नहीं है और वे पुलिस की कार्रवाई में पूरा सहयोग करेंगे।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "रहवासियों का पुलिस से कहना है कि हमारा अपराधियों से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस की कार्रवाई में वे सहयोग करें।" कमिश्नर ने इस संवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए जोर दिया कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास बढ़ाने से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
