इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि 60 फीट एरोड्रम रोड पर कुछ युवतियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।


वायरल वीडियो में कुछ युवतियां बाइक और एक्टिवा से मौके पर पहुंचकर अचानक युवक पर हमला करती नजर आ रही हैं। युवक को सड़क पर गिराकर मारपीट की जाती है। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव का प्रयास करते हैं, लेकिन युवतियां उनसे भी बहस करती दिखाई देती हैं।


पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाया गया। यहां दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से राजीनामा पेश करते हुए किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस ने एहतियातन दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।