छतरपुर,विनोद मिश्रा, शिवम सोनी । सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक मामले को लेकर युवती ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। खज्जू कॉलोनी निवासी एक युवती ने पुलिस उप महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बताया कि उसके भाई के खिलाफ दर्ज अपराध क्रमांक 180/2026 में तथ्यों की अनदेखी कर कार्रवाई की गई है।
आवेदन में संध्या अनुरागी पुत्री भूरे अनुरागी ने आरोप लगाया गया है कि उसके भाई का मोहल्ले की एक युवती से पूर्व में प्रेम प्रसंग था, लेकिन हाल ही में उस युवती का विवाह तय होने के बाद उसने पुलिस से सांठगांठ कर झूठा मामला दर्ज करा दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिस दिन और समय की घटना बताई गई है, उस दौरान उसका भाई घर पर मौजूद था और कथित घटनास्थल के पास स्थित स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने लाई जा सकती थी, लेकिन पुलिस ने इस दिशा में कोई जांच नहीं की।
संध्या अनुरागी ने यह भी आरोप लगाया कि रिपोर्ट में घटना की तिथि और रिपोर्ट दर्ज कराने की तिथि में अंतर है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। साथ ही संबंधित युवती की उम्र को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं, जिसमें विरोधाभास बताया गया है। आवेदन में पुलिसकर्मियों पर लापरवाही और प्रभाव में आकर कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पीडि़ता ने यह भी बताया कि पूर्व में भी उसके भाई के खिलाफ इसी तरह का एक मामला दर्ज कराया जा चुका है। पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मामला अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया है।

