छतरपुर। छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रविवार को भगवां से बड़ा मलहरा, गुलगंज, बिजावर और सटई मार्ग होते हुए छतरपुर की ओर जा रही 'गौसिया बस' बड़ा मलहरा के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी; स्थानीय ग्रामीणों ने की मदद
बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना देखते ही आसपास मौजूद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया और बस की खिड़कियों व दरवाजों से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
यह भी पढिए: बलिदान की मिसाल:सिंहस्थ के लिए सीएम मोहन यादव ने खुद चलाई पुश्तैनी मकान पर गैंती, भावुक होकर बोले- विकास के लिए यह जरूरी
पुलिस मौके पर मौजूद; घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुंच गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा घायलों को इलाज के लिए नजदीकी बड़ा मलहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) व जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों (तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या स्टेयरिंग फेल होना) का पता लगाया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।











