दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिले में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती किल्लत के चलते हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे लंबी कतारें और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विशेष रूप से श्री मां जी पेट्रोलियम के कन्हैया पेट्रोल पंप पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही, जहां लोगों की भारी भीड़ ने व्यवस्था बिगाड़ दी।


स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। खाकी वर्दीधारी जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को खदेड़ा और हालात को सामान्य करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।


सूत्रों के अनुसार जिले के आसपास के करीब आधा दर्जन पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक नहीं होने के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ईंधन की कमी से लोग परेशान हैं और आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।


लगातार बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था से परेशान होकर कई पेट्रोल पंप संचालकों ने जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पंप बंद करने का निर्णय लिया है। वहीं, स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है, लेकिन आम जनता में अभी भी असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।