फ्लाइट में देरी और रद्द होने से हवाई अड्डे पर फंसे रहे यात्री

Advertisement
इंदौर।एयर इंडिया की लापरवाही के चलते इंदौर से दिल्ली जाने वाले दर्जनों यात्रियों को सोमवार रात भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी कारणों का हवाला देकर पहले फ्लाइट में घंटों की देरी की गई और बाद में उड़ान रद्द कर दी गई। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्री पूरी रात देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।यात्रियों का कहना है कि उन्हें न तो समय पर सही जानकारी दी गई और न ही ठहरने या खाने की समुचित व्यवस्था की गई। कई यात्री परिवार और छोटे बच्चों के साथ थे, जिन्हें रात भर एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
एक यात्री ने बताया, “पहले फ्लाइट दो घंटे लेट बताई गई, फिर तीन घंटे और बढ़ा दिया गया। आखिर में रात करीब दो बजे फ्लाइट कैंसिल कर दी गई, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।”एयर इंडिया के काउंटर पर भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के कर्मचारियों से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। कुछ यात्रियों को अगली सुबह की फ्लाइट में शिफ्ट किया गया, जबकि कई लोग अपने खर्च पर होटल तलाशने को मजबूर हुए।
इस मामले में एयर इंडिया प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यात्रियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है और एयरलाइन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।.
