कार्बी आंगलोंग, 3 अप्रैल । असम विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए अपने गठबंधन और उम्मीदवारों को लेकर बड़ा दावा किया। पीयूष हजारिका ने आईएएनएस से कहा कि उनकी विधानसभा सीट पर एजीपी (असम गण परिषद) के वरिष्ठ नेता केशब महंत को पूरा समर्थन दिया जा रहा है। केशब महंत हमारे वरिष्ठ मंत्री हैं और हमें विश्वास है कि वे लगातार पांचवीं बार चुनाव जीतेंगे।
इसके साथ ही, उन्होंने विपक्ष खासकर असदुद्दीन ओवैसी पर भी तीखा हमला बोला। पीयूष हजारिका ने कहा कि गाली-गलौज से भाजपा को डराया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा, "असदुद्दीन ओवैसी यहां खाली हाथ आए हैं और खाली हाथ ही वापस जाएंगे। उनकी राजनीति एक खास समुदाय को निशाना बनाने की है।"
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है। असम सरकार के मंत्री ने कहा, "हम मुस्लिम या किसी अन्य धर्म के खिलाफ नहीं हैं। हमारा विरोध उन लोगों से है जो अवैध तरीके से बाहर से खासकर बांग्लादेश से आकर यहां जमीन कब्जा करते हैं और हमारी संस्कृति के खिलाफ काम करते हैं।"
पीयूष हजारिका ने कहा कि सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो राज्य की जमीन और सामाजिक संतुलन को नुकसान पहुंचाते हैं।
गौरतलब है कि पीयूष हजारिका असम के एक प्रमुख नेता हैं और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
बता दें कि असम विधानसभा चुनाव में महज कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। राज्य में 9 अप्रैल को केवल एक चरण में चुनाव आयोजित किए जाएंगे। वोटों की गिनती सभी चुनावी राज्यों के नतीजे के साथ ही 4 मई को की जाएगी और चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।














