टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं, लेकिन स्टॉक उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।


बताया जा रहा है कि कई दिनों से नियमित सप्लाई नहीं पहुंचने के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद गैस नहीं मिल रही, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।


इधर, किल्लत के बीच कालाबाजारी भी तेजी से बढ़ने लगी है। जहां एक ओर उपभोक्ताओं को एजेंसियों पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, वहीं बाजार में यही सिलेंडर 1500 से 1700 रुपए तक में बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।


इस पूरे मामले ने एजेंसी संचालकों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जब एजेंसी पर स्टॉक नहीं है तो आखिर बाजार में महंगे दामों पर सिलेंडर कैसे उपलब्ध हो रहे हैं।


फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द सप्लाई व्यवस्था सुधारने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।