होली से पहले 'ऑपरेशन क्लीन': बालाघाट के बिटोड़ी में आबकारी विभाग की बड़ी दबिश

Advertisement
बालाघाट, आशीष भगत। आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में आज, 28 फरवरी 2026 को कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में विभाग ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। ग्राम बिटोड़ी में दी गई इस दबिश में भारी मात्रा में अवैध शराब और लहान बरामद किया गया है।
सूचना मिली थी कि ग्राम बिटोड़ी में बड़े पैमाने पर अवैध मदिरा का संग्रहण और निर्माण किया जा रहा है। इस इनपुट पर आबकारी विभाग और थाना रामपायली की संयुक्त टीम ने अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों द्वारा प्लास्टिक की बोरियों और ड्रमों में छिपाकर रखा गया लगभग 3000 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। मौके की गंभीरता को देखते हुए टीम ने लहान को विधिवत नष्ट कर दिया।
छापेमारी के दौरान न केवल लहान नष्ट किया गया, बल्कि प्लास्टिक जरीकेन में भरी 40 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई है। आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त की गई शराब और नष्ट किए गए महुआ लहान की कुल अनुमानित कीमत 3,06,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस और आबकारी विभाग ने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत विभिन्न प्रकरण पंजीकृत कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, थाना रामपायली से एएसआई राजीव चाचक, आरक्षक भानुप्रताप, महिला आरक्षक अनिता कुमरे सहित अन्य विभागीय स्टाफ मुस्तैद रहा।
प्रशासन की चेतावनी...
कलेक्टर बालाघाट ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली के त्यौहार के दौरान अवैध शराब के कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी अवैध भट्टियों या मदिरा संग्रहण की जानकारी मिलेगी, वहां इसी तरह की आकस्मिक और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य त्यौहार के समय कानून व्यवस्था बनाए रखना और अवैध शराब से होने वाली जनहानि को रोकना है।


