सार्वजनिक भूमि पर कब्जा: न्याय की गुहार लेकर SP ऑफिस पहुंचा पीड़ित

Advertisement
छतरपुर, शिवम सोनी । छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को लहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुर्राहा निवासी अभिषेक विश्वकर्मा ने एक लिखित आवेदन देकर अपने पड़ोसी पर सार्वजनिक भूमि और निजी आंगन पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शिकायत में अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि पड़ोसी रज्जू खान द्वारा दीवार में जबरन गेट लगाकर उनके आंगन की ओर रास्ता खोलने का प्रयास किया गया है। उनका कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक है और पूर्व में इस संबंध में वर्ष 2005 से 2007 के बीच तहसीलदार न्यायालय में प्रकरण भी चल चुका है, जिसमें सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण न करने के स्पष्ट आदेश दिए गए थे।
आवेदक के अनुसार, न्यायालय के आदेशों के बावजूद पड़ोसी द्वारा निर्माण कार्य किया गया। 18 फरवरी 2026 की सुबह जब वे उठे तो दीवार में गेट लगा हुआ पाया गया। इसका विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन गई।
पीड़ित ने मामले की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी और थाने में शिकायत भी दर्ज कराई। अभिषेक विश्वकर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
