भोपाल। मध्य प्रदेश में इस वर्ष गेहूं उपार्जन के तहत समर्थन मूल्य पर विक्रय करने वाले किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में विदिशा जिला प्रदेश में अव्वल साबित हुआ है। यहां सबसे पहले किसानों के बैंक खातों में भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर प्रशासन ने तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी अनिल तंतुवाय ने जानकारी देते हुए बताया कि विदिशा के गेहूंखेड़ी स्थित स्टील साइलो में 9 अप्रैल को उपार्जन के पहले दिन 6 किसानों द्वारा कुल 310.55 क्विंटल गेहूं का विक्रय किया गया। इन किसानों को कुल 5,87,644 रुपये की राशि का भुगतान अगले ही दिन उनके बैंक खातों में सफलतापूर्वक अंतरित कर दिया गया।
राज्य सरकार की नीति के अनुरूप किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
समय पर भुगतान मिलने से किसानों में संतोष और उत्साह का माहौल है। जिले में गेहूं उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल रहा है।

