इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के MGM Medical College में पीजी फाइनल ईयर के छात्र डॉक्टर अमन पटेल की आत्महत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले अमन पटेल ने हॉस्टल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी थी। अब इस मामले में मृतक के परिजनों ने प्रेम प्रसंग और मानसिक तनाव को आत्महत्या की बड़ी वजह बताया है।


जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जबलपुर निवासी डॉक्टर अमन पटेल MGM Medical College में पीजी फाइनल ईयर के छात्र थे। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात उन्होंने हॉस्टल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।


मृतक के परिजनों का आरोप है कि अमन के साथ पढ़ने वाली एक डॉक्टर छात्रा के साथ उसके प्रेम संबंध थे। इसी संबंध को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों का कहना है कि इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।


फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और साथ पढ़ने वाले छात्रों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं जिस डॉक्टर छात्रा का नाम सामने आया है, उसके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।