उमरिया,तापिस गुप्ता। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में नवागत कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने आज आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा भी की।


नव नियुक्त कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने उमरिया पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू कर दिया है। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कलेक्ट्रेट का भ्रमण किया और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।


राखी सहाय, कलेक्टर उमरिया
“मध्यप्रदेश शासन की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना हमारी प्राथमिकता होगी।”
श्रीमती राखी सहाय वर्ष 2015 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनका तबादला उमरिया जिले में किया गया है। वहीं जिले के पूर्व कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन को भोपाल में विमानन विभाग में अपर सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कलेक्टर के पदभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।