मई महीने में दुनिया से दूर जाएंगे बागेश्वर महाराज; शून्य के सन्नाटे में खोजेंगे आध्यात्मिक शक्ति

Advertisement
छतरपुर, रोहित पाठक। सनातन धर्म के प्रचारक और बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) एक बड़े फैसले के साथ दुनिया से कटने जा रहे हैं। वे आगामी मई महीने में पूरे एक महीने तक किसी भी नेटवर्क, मोबाइल, टीवी, इंटरव्यू या संपर्क से पूरी तरह दूर रहेंगे। इस दौरान न तो बागेश्वरधाम में रहेंगे, न कोई कथा होगी, न दिव्य दरबार लगेगा और न ही भक्तों से कोई मुलाकात।
गुरु आज्ञा से बर्फीले पहाड़ों पर गुप्त साधना
धीरेंद्र शास्त्री ने खुद इस गुप्त साधना की जानकारी दी है। वे उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के बर्फीले और दुर्गम पहाड़ों पर जाकर एकांतवास में लीन होकर ईश्वर भक्ति और कठोर तपस्या करेंगे। गुरु की आज्ञा पर आधारित यह साधना उनके जीवन के इस मोड़ पर खुद को संयमित और मजबूत बनाने के लिए बताई जा रही है, जहां बहकावे और चुनौतियां ज्यादा आती हैं।
दुनिया से पूर्ण डिसकनेक्ट, कोई संपर्क नहीं
इस एक महीने की अवधि में वे पूरी तरह अज्ञात और संपर्क-रहित रहेंगे। न कोई फोन, न कोई संदेश, न कोई अपडेट। भक्तों के लिए यह समय इंतजार का होगा, क्योंकि उनके दिव्य दरबार और कथाओं का दौरा अचानक रुक जाएगा। शास्त्री जी सनातन हिंदू राष्ट्र और दिव्य दरबार के माध्यम से पहचाने जाते हैं, लेकिन अब वे खुद को पूरी तरह आध्यात्मिक साधना में समर्पित करने जा रहे हैं।
