छिंदवाड़ा,जीशाब। छिंदवाड़ा जिले के हर्रई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कचनरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की हत्या कर दी। इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।


जानकारी के मुताबिक 55 वर्षीय मनीराम धुर्वे अपने घर पर मौजूद थे, तभी उनका पुत्र मोटरसाइकिल लेकर कहीं जाने की जिद करने लगा। पिता ने किसी कारणवश मोटरसाइकिल देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने आपा खो दिया। गुस्से में आकर उसने पास में रखा बल्ला उठाया और अपने ही पिता पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लगातार कई वार किए, जिससे मनीराम धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।



घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं गांव के लोग भी इस वारदात से हैरान हैं। किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि एक बेटा अपने पिता के साथ इतना क्रूर कदम उठा सकता है। सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पुत्र की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

(एसडीओपी):
एसडीओपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस तरह रिश्तों को खत्म कर रहा है।


छिंदवाड़ा की यह घटना समाज के लिए एक गंभीर संदेश है कि आवेश में लिया गया एक फैसला जिंदगी भर का पछतावा बन सकता है।