MP के यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा ऐलान: छतरपुर, खजुराहो और टीकमगढ़ होकर गुजरेगी यह स्पेशल ट्रेन

Advertisement
भोपाल। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और त्योहारों के सीजन को देखते हुए रेलवे ने भोपाल मंडल से गुजरने वाली दो स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। इनमें प्रयागराज से पुणे (हडपसर) तक चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल और रक्सौल से उधना तक की होली/समर स्पेशल ट्रेन शामिल हैं। इन ट्रेनों के चलने से मध्य प्रदेश के बीना, रानी कमलापति (RKMP), संत हिरदाराम नगर, इटारसी और सीहोर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को सीधा ठहराव और बेहतर कनेक्शन मिलेगा।
प्रयागराज-हडपसर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अप्रैल से जुलाई 2026 तक चलेगी। गाड़ी संख्या 04107 प्रयागराज से हर बुधवार सुबह 10:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 7:30 बजे हडपसर पहुंचेगी। वापसी में 04108 हडपसर से हर गुरुवार रात 10:40 बजे चलकर शनिवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। यह ट्रेन शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, खजुराहो, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर और दौंड कॉर्ड लाइन स्टेशन पर रुकेगी, जिससे MP के यात्रियों को महाराष्ट्र तक आसान सफर मिलेगा।
दूसरी ओर, रक्सौल-उधना स्पेशल ट्रेन (05559/05560) मार्च 2026 में होली के आसपास 3-3 फेरों के साथ चलाई जा रही है। 05559 रक्सौल से शनिवार सुबह 5:30 बजे निकलेगी और अगले दिन दोपहर 1:05 बजे उधना पहुंचेगी, जबकि वापसी ट्रेन उधना से रविवार दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 12:15 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यह ट्रेन बीना, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, उज्जैन, रतलाम, वडोदरा जैसे स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
इन स्पेशल ट्रेनों से मध्य प्रदेश के यात्रियों को बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के शहरों तक अतिरिक्त और सीधी सुविधा मिलेगी। त्योहारों-छुट्टियों में भीड़ कम होगी और लंबी दूरी की यात्रा आसान बनेगी। रेलवे की यह पहल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात साबित हो रही है।
