जिला अस्पताल से मोटरसाइकिल चोरी, CCTV में कैद वारदात कार्रवाई न होने पर पीड़ित पहुँचा एसपी कार्यालय

Advertisement
छतरपुर,शिवम सोनी । जिला अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद स्थानीय थाने में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप पीड़ित ने लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचा और शिकायती आवेदन सौंपा।
पीड़ित कमलेश कुशवाहा, पिता मिजाजी कुशवाहा, निवासी ग्राम पाठा तहसील अजयगढ़ जिला पन्ना ने बताया कि 31 जनवरी 2026 को उन्होंने अपनी टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक (क्रमांक MP 35 MF 6082) जिला अस्पताल छतरपुर में सुरक्षित लॉक कर खड़ी की थी। करीब दोपहर 12 बजे लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने सिविल लाइन थाना में शिकायत की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
कमलेश का आरोप है कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। थाने में आवेदन देने के बाद भी पावती नहीं दी गई और केवल यह कहकर टाल दिया गया कि जानकारी मिल जाएगी।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर चोरी हुई बाइक की बरामदगी कराई जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाएँ।
