पन्ना। पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अहिरगवां के ऊड़की गांव में दहेज की मांग को लेकर एक युवक ने अपनी सास को लकड़ी के बैट से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना शुक्रवार (1 मई) रात 9:30 से 10 बजे के बीच हुई। मृतका की पहचान रीता राय (50 वर्ष) के रूप में हुई है।


मृतका की सबसे छोटी बेटी खुशी राय की शादी पिछले साल 23 मई को सतना जिले के ग्राम गौड़ा (पंचायत उसरर) निवासी संदीप विश्वास (28) से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही संदीप और उसके परिवार वाले बाइक और स्मार्टफोन की मांग को लेकर खुशी को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।


परिजनों के अनुसार, गुरुवार को आरोपी संदीप अपनी गर्भवती पत्नी खुशी को मायके छोड़ गया था। शुक्रवार सुबह वह जीजा के साथ फिर ससुराल पहुंचा। यहां दहेज की मांग को लेकर परिवार से तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर संदीप ने सास को जान से मारने की धमकी भी दी थी।


शुक्रवार रात करीब 9 बजे रीता राय घर में खाना बना रही थीं। तभी आरोपी संदीप लकड़ी का बैट लेकर पहुंचा और उन्होंने सास के सिर पर एक के बाद एक तीन वार कर दिए। जब गर्भवती बेटी खुशी बीच में बचाव करने आई तो आरोपी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। हमला इतना घातक था कि रीता राय मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठीं। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

बृजपुर थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी संदीप विश्वास की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में आ जाएगा।