गुनौर,जीतेन्द्र रजक। क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने जिला पंचायत सीईओ एवं एसडीएम के साथ जनपद पंचायत गुनौर में निर्माणाधीन नवीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण स्थल पर उपयोग हो रही सामग्री, निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता और कार्य की गति को लेकर अधिकारियों एवं ठेकेदार से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ. राजेश वर्मा ने कहा कि जनपद पंचायत का यह नवीन भवन क्षेत्र के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगा, इसलिए इसका निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
वहीं जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम ने भी निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय पर कार्य पूर्ण किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों की इस संयुक्त कार्रवाई से निर्माण कार्य में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

