आगर मालवा। आगर मालवा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब बड़ागांव के पास एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 55 वर्षीय बुजुर्ग गोकुल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। बस सुसनेर से नलखेड़ा होते हुए कुरावर जा रही थी।


बताया जा रहा है कि बड़ागांव के पास सड़क पर एक बुजुर्ग भैंस लेकर जा रहा था, तभी बस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।


सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी रविन्द्र कुमार बोयट और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को 108 और 112 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ गंभीर घायलों को रेफर भी किया गया है।


पुलिस के मुताबिक, बस में करीब 20 से 30 यात्री सवार थे, जिनमें से 15-16 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।