बड़ा रेल हादसा टला: स्पेशल ट्रेन के तीन डब्बे इंजन से अलग

Advertisement
छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा जंक्शन से गुजरने वाली सिवनी–बैतूल स्पेशल पैसेंजर ट्रेन सोमवार सुबह बाल-बाल बची एक संभावित बड़ी दुर्घटना से। ट्रेन सुबह करीब 8 बजे छिंदवाड़ा से बैतूल के लिए रवाना हुई थी, लेकिन स्टेशन से थोड़ी ही दूरी पर चार फाटक के पास पहुंचते ही तेज धमाके की आवाज के साथ यात्रियों से भरे तीन डब्बे अचानक इंजन से अलग हो गए।
इस अचानक घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने झटके महसूस करने की बात कही, जबकि तेज आवाज सुनकर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एहतियातन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन से उतर आए और ट्रैक के किनारे खड़े होकर डब्बों के अलग होने का कारण समझने की कोशिश करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यह घटना थोड़ी आगे या ट्रेन की गति अधिक होने पर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से ट्रेन की गति कम होने और समय पर अलग होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। रेलवे के करीब एक दर्जन तकनीकी कर्मचारी, इंजीनियरिंग और ऑपरेशन स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में कपलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया और सुरक्षा जांच के बाद अलग हुए डब्बों को दोबारा इंजन से जोड़ा गया।
करीब आधे घंटे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। जांच और सुधार कार्य पूरा होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना करने की अनुमति दी और यह बैतूल की ओर प्रस्थान कर गई।
घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने इसे तकनीकी खराबी बताते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल रेलवे विभाग द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
