नई दिल्ली। राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ के दौरान अचानक इंजन में खराबी आ गई और उसमें आग लग गई। यह घटना रात करीब 1:08 बजे की बताई जा रही है, जब विमान स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाला था।
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, टेकऑफ की तैयारी के दौरान ही विमान के एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रनवे पर ही रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
विमान में कुल 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 नवजात शिशु भी शामिल थे। सभी यात्रियों को आपातकालीन स्लाइड की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि इस दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और 6 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एयरलाइन Swiss International Air Lines ने बयान जारी कर बताया कि टेकऑफ से पहले विमान के बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं उठता देखा गया था। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत उड़ान रोक दी गई। एयरलाइन की स्थानीय टीम मौके पर मौजूद है और यात्रियों की देखभाल कर रही है। साथ ही घटना के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ टीम दिल्ली भेजी जा रही है।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। दमकल और सुरक्षा टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और स्थिति को काबू में कर लिया गया। गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में दिल्ली एयरपोर्ट पर यह दूसरी बड़ी विमान से जुड़ी घटना है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

