छतरपुर/नौगांव (कमल यादव)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निगम-मंडलों और विभिन्न संस्थानों में की गई राजनीतिक नियुक्तियों की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ भाजपा नेता और भोपाल प्रभारी महेंद्र सिंह यादव को अपेक्स बैंक (मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक) का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर नौगांव नगर में जश्न का माहौल रहा। रविवार शाम करीब 5 बजे नगर के प्रमुख स्थान पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशियां साझा कीं।


नगर के मुख्य मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े और महेंद्र सिंह यादव की नियुक्ति को संगठन की जीत बताया। इस अवसर पर मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. इंद्रपाल सिंह यादव और शिवम सिंह यादव ने कहा कि महेंद्र सिंह यादव एक अनुभवी और जमीन से जुड़े समर्पित नेता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में अपेक्स बैंक सहकारी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के किसानों और आम जनता को बेहतर सुविधाओं के रूप में मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति को सहकारी आंदोलन को मजबूती देने वाला कदम बताया।


मिठाई वितरण और आतिशबाजी के इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सोनी, सांसद प्रतिनिधि धीरेंद्र शिवहरे, जेके सेठ, मुनीम राज यादव सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से जमीनी स्तर पर संगठन का मनोबल बढ़ता है। पूरे कार्यक्रम के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए भी गौरवपूर्ण क्षण करार दिया।