लवकुशनगर BRC राजेश रावत की सड़क दुर्घटना में मौत, गौरिहार BRC अमरनाथ व्यास घायल

Advertisement
छतरपुर। छतरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में लवकुशनगर ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (BRC) राजेश रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरिहार BRC अमरनाथ व्यास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों अधिकारी स्वतंत्रता दिवस/ध्वजारोहण समारोह में भाग लेने के बाद अपने-अपने क्षेत्रों से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर BRC राजेश रावत और गौरिहार BRC अमरनाथ व्यास छतरपुर से ऑटो कार में ध्वजारोहण करने के लिए अपने क्षेत्र गए थे। कार्यक्रम संपन्न कर दोनों अधिकारी घर लौट रहे थे। छतरपुर से सागर-कानपुर नवीन निर्माण सड़क पर निवारी गांव के समीप अल्टो पुलिया के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में लवकुशनगर BRC राजेश रावत की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय रास्ते से गुजर रही गौरिहार जनपद CEO डॉ. दीपा कोटकथाने ने तुरंत मदद की और घायल गौरिहार BRC अमरनाथ व्यास को अपने निजी वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं।
दूसरी ओर, मृतक राजेश रावत के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह हादसा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के लिए बेहद दुखद है। राजेश रावत एक अनुभवी अधिकारी थे और लवकुशनगर ब्लॉक में शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रहे थे।
