रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला जेल में 2 सितंबर को प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को गोली मारकर भागने की कोशिश करने वाले विचाराधीन कैदी निलेश उर्फ छोटेल की करतूत का करीब दो मिनट का लाइव सीसीटीवी वीडियो 9 दिन बाद सामने आया है। वीडियो में पूरी घटना क्रमवार दिखाई दे रही है। निलेश हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद था।
चाबी को लेकर हुई बातचीत, फिर किया हमला
सीसीटीवी फुटेज में निलेश सबसे पहले प्रहरी दिग्विजय सिंह से चाबी को लेकर बातचीत करता नजर आ रहा है। कुछ देर बाद वह कट्टा लेकर प्रहरी के पास पहुंचता है। दोनों के बीच विवाद और झूमाझटकी होती है। इसी दौरान निलेश प्रहरी पर गोली चला देता है। गोली लगने से दिग्विजय सिंह जमीन पर गिर जाते हैं।
सिर पर कट्टे से किए दो वार, आंखों में डाली मिर्च
वीडियो में गोली चलाने के बाद निलेश घायल प्रहरी के सिर पर देसी पिस्तौल से दो बार वार करता दिखाई देता है। इसके बाद वह जेब से मिर्च पाउडर निकालकर प्रहरी की आंखों में डाल देता है। इसके बाद आरोपी जेल से बाहर निकलने के लिए चाबी तलाशने लगता है।
घायल प्रहरी ने आरोपी को दबोचा
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दिग्विजय सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए निलेश को पकड़ लिया। इसी दौरान एक महिला जेल कर्मचारी मौके पर पहुंची और जमीन पर पड़ी पिस्तौल उठा ली। शोर सुनकर जेल के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और निलेश को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, हाथापाई के दौरान निलेश के पास से एक देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
दो सहयोगी गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
मामले में पुलिस ने निलेश की मदद करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सुपयार सिंह अभी फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद जेलर आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है। घटना के समय जेलर छुट्टी पर थे, इसके बावजूद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जेल के भीतर हुई इस वारदात की गंभीरता और आरोपी के भागने के प्रयास का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो गया है।




