इंदौर। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रविवार को इंदौर दौरे के दौरान राज्य के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उमंग सिंघार ने इंदौर के रेवती रेंज व पितृ पर्वत पर हुए निर्माण कार्यों को लेकर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि इंदौर से उज्जैन तक भू-माफिया सक्रिय हैं और बीजेपी नेता सरकारी जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। इंदौर में आयोजित 'स्नेह बंधन' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सिंघार को महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रीना बौरासी ने राखी बांधी।


'आशा हॉल' व पितृ पर्वत पर निर्माण का मुद्दा

रेवती रेंज पहाड़ी पर बने 'आशा हॉल' का लोकार्पण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी पत्नी आशा विजयवर्गीय के जन्मदिन पर उनसे फीता कटवाकर कराया था। उमंग सिंघार ने सवाल उठाया कि इस तरह के निर्माण पर स्थानीय प्रशासन मौन क्यों है। सिंघार ने कहा कि पितृ पर्वत पर पहले मंत्री का आलीशान रेस्ट हाउस बना, जहां वे बैठकें करते हैं। अब वहां 1,000 बटुकों (बटुक ब्राह्मणों) के रहने के लिए हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी शासन की कोई आधिकारिक योजना तक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन स्थानों पर निजी निर्माण रोकने के लिए प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया।


दूषित पानी से मौतें और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही

उमंग सिंघार ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले पर कहा कि केवल छोटे प्रशासनिक अधिकारियों पर गाज गिराकर मामले को दबाया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने मांग की कि दूषित पानी मामले की पूरी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।


महंगाई और शकर वाले बयान पर तंज

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के 'शकर (चीनी) न खाने' वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए सिंघार ने कहा कि— "मंत्री जी शकर नहीं खाते तो न खाएं, लेकिन वे जनता को यह जरूर बता दें कि उन्हें सस्ती शकर कब मिलेगी।"


युवाओं की समस्याओं पर सरकार को चेतावनी

युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि छात्र हनुमान की तरह हैं, और जब हनुमान लंका में आग लगाते हैं तो लंका का जलना तय होता है। सरकार को जल्द से जल्द युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।